चम्पावत , मई 06 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र चंपावत में बुधवार को एक नाबालिग के साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) रेखा यादव ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि एक नाबालिग बालिका 05 मई को अपनी सहेली के विवाह समारोह में सम्मिलित होने ग्राम सल्ली गई थी। वापस घर नहीं लौटी है।
सूचना प्राप्त होते ही चम्पावत पुलिस द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए टीम को मौके पर रवाना किया गया तथा स्थानीय स्तर पर जानकारी एकत्रित करते हुए बालिका की तलाश प्रारम्भ की गई। इसी क्रम में एक डेयरी के समीप से बालिका को बरामद किया गया। पीड़िता से पूछताछ के दौरान यह तथ्य सामने आया कि उसके साथ कुछ व्यक्तियों द्वारा दुष्कर्म किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल पीड़िता का जिला चिकित्सालय में उपचार के साथ ही आवश्यक परीक्षण कराया गया।
साथ ही घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए विधिवत साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई तथा फील्ड यूनिट द्वारा वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए गए। इसके साथ ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस के साथ ही विशेष अभियान समूह (एसओजी) टीम को भी लगाया गया है।
एसपी सुश्री यादव ने कहा कि उन्होंने स्वयं पीड़िता और परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली गई तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि तीन आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित