, June 3 -- लोहाघाट/चम्पावत। उत्तराखंड के चंपावत में बुधवार को एक बड़ी अनहोनी से उस समय टल गई, जब 34 यात्रियों को लेकर जा रही उत्तराखंड परिवहन निगम की बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। संकट की घड़ी में चालक ने असाधारण साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को नियंत्रित कर यात्रियों की जान बचा ली, लेकिन इस प्रयास में स्वयं अपनी जान गंवा बैठे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रोडवेज बस संख्या यूके 07 पीए-3122 धारचूला से टनकपुर जा रही थी। इसी दौरान लोहाघाट में पाटन पुल के समीप पहुंचने पर उसके ब्रेक फेल हो गए। बस में 34 यात्री सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक बेनीराम थ्वाल ने धैर्य और साहस का परिचय देते हुए बस को सड़क किनारे दीवार से टकरा दिया। चालक की इस सूझबूझ से बस में सवार सभी 34 यात्रियों की जान बच गई और एक बड़ी त्रासदी टल गई।
हालांकि बस को नियंत्रित करने के प्रयास में चालक खुद हादसे का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि बस के दीवार पर टकराने से चालक का दरवाजा खुल गया और वह अगले पहिये की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित