चम्पावत , अप्रैल 09 -- त्तराखंड के चंपावत में खराब मौसम और भारी बरसात के चलते जंगल में डेरा डालीं 27 बकरियों (भेड़ों) की मौत हो गई है। प्रशासन अलर्ट हो गया है और उसने मुआवजा प्रक्रिया शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना बुधवार रात को मानेश्वर के भलाई जंगल में घटी है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को आज सुबह सूचना मिली कि पिथौरागढ़ जिले के धारचूला निवासी पशुपालक भगत सिंह चलाल टनकपुर चारागाह से अपनी भेड़ों को वापस अपने गांव दारमा ले जा रहा था।

इस दौरान 08 अप्रैल की रात उसने भेड़ों के साथ मानेश्वर क्षेत्र के बलाई गांव के जंगल में डेरा डाला था। इसी बीच मौसम खराब हो गया और तेज बारिश के चलते 27 भेड़ों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया और राजस्व और पशुपालन विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजा गया। राजस्व विभाग की टीम ने मौका मुआयना किया और पशु चिकित्सकों की टीम की ओर से मौके पर ही पोस्टमार्टम किया गया।

राजस्व विभाग की जांच में पुष्टि हुई है कि घटना अत्यधिक बारिश के चलते हुई है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर प्रशासन ने पीड़ित पशुपालक को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित