चम्पावत , मई 31 -- उत्तराखंड के चंपावत में रीठा साहिब जोड़ मेले में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। लधिया नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया जिससे 50 से अधिक श्रद्धालु नदी के बीच में फंस गए।

राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की तत्परता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया प्राप्त जानकारी के अनुसार चंपावत के ऐतिहासिक रीठा साहिब गुरुद्वारा में चल रहे प्रसिद्ध जोड़ मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे रहे हैं। रविवार को भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। श्रद्धालु दर्शन से पहले लधिया-रतिया नदी के संगम पर कुंड में स्नान कर रहे थे। इसी बीच बारिश के चलते नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया।

देखते ही देखते करीब 50 से 60 श्रद्धालु नदी के बीच फंस गए। बढ़ते पानी के कारण कई वाहन भी फंस गए। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उप निरीक्षक दीपक सामंत के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

तेज बहाव और लगातार बढ़ते जलस्तर के बावजूद टीम ने साहस और दक्षता का परिचय देते हुए सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला। साथ ही पानी में फंसे वाहनों को भी मदद पहुंचाई गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी और राहत और बचाव कार्य चलाया गया। एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने टीम की सराहना करते हुए बचाव दल के साहस, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की।

प्रदेश में लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए एसडीआरएफ ने सभी इकाइयों को हाई अलर्ट पर रहने, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने और किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित