चम्पावत , मई 08 -- उत्तराखंड के चम्पावत में नाबालिग बालिका को बंधक बनाकर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और सुनियोजित षड्यंत्र के तहत निर्दोष लोगों को झूठे मुकदमे में फंसाने के प्रयास के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
साथ ही नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने वालों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वादी राम सिंह रावत की तहरीर पर कमल सिंह रावत, अर्जिता राय और आनन्द सिंह मेहरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान मामले में धारा 16/17 पॉक्सो एक्ट की भी बढ़ोतरी की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कमल सिंह रावत और अर्जिता राय को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। तीसरे आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है।
इसी बीच पुलिस के संज्ञान में यह भी आया कि एक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से नाबालिग पीड़िता से संबंधित वीडियो और फोटोग्राफ सार्वजनिक किए जा रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संबंधित पोस्ट हटवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित