मोतिहारी , अक्टूबर 21 -- बिहार में पूर्वी और पश्चिमी चंपारण की क्रिकेट प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने के उद्देश्य से पहली बार चंपारण प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। 20 से 30 नवंबर के बीच आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में दोनों जिलों की छह टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिलेगा।
ईस्ट चंपारण डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (ईसीडीसीए) के तत्वावधान में आयोजित होने वाले टूर्नामेंट की जानकारी बुधवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की गवर्निंग काउंसिल के सदस्य एवं ईसीडीसीए के पूर्व सचिव सह संयोजक ज्ञानेश्वर गौतम ने दी।उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की प्रत्येक टीम में वरिष्ठ खिलाड़ियों के साथ अंडर-16 और अंडर-19 आयु वर्ग के दो-दो खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के राष्ट्रीय स्तर के दो खिलाड़ियों को अतिथि खिलाड़ी के रूप में प्रत्येक टीम में जगह दी जाएगी। इससे युवा खिलाड़ियों को अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता के लीग चरण में प्रत्येक टीम को पांच-पांच मैच खेलने का मौका मिलेगा। लीग चरण के बाद शीर्ष दो टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। गौतम ने बताया कि नवंबर के प्रथम सप्ताह में खिलाड़ियों का ट्रायल लेकर टीमों की घोषणा कर दी जाएगी। ट्रायल मोतिहारी में आयोजित होगा।उन्होंने बताया कि मोतिहारी में टर्फ विकेट उपलब्ध नहीं होने के कारण टूर्नामेंट के सभी मुकाबले पटना के मसौढ़ी स्थित पंकज स्पोर्ट्स एकेडमी मैदान पर खेले जाएंगे। आयोजन समिति की ओर से पटना में सभी छह टीमों के खिलाड़ियों और टीम स्टाफ के आवास, भोजन तथा आवागमन की व्यवस्था की जाएगी। ट्रायल में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी जीके स्पोर्ट्स प्रतिष्ठान से संपर्क कर पंजीकरण प्रपत्र प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य राशिद जमाल खान, प्रकाश कुमार कन्हैया, प्रीतेश रंजन, गुलाब खान, डॉ. नवनीत कुमार, एजाज अंसारी और अभिषेक कुमार छोटू सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित