विजयवाड़ा , अप्रैल 04 -- आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने एक सरकारी महिला कर्मचारी के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस अधिकारियों को आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।
बताया गया है कि पंचायत राज कार्यालय में कार्यरत एक महिला के साथ शुक्रवार को पलनाडु जिले के माचेरला स्थित उसके घर में एक अज्ञात व्यक्ति ने कथित रूप से दुष्कर्म किया।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को इस घटना को लेकर पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पीड़िता को गुंटूर के सरकारी अस्पताल (जीजीएच) में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। इस मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
श्री नायडू ने दोहराया कि महिलाओं के खिलाफ अत्याचार करने वालों के साथ सरकार सख्ती से निपटेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित