अमरावती , अक्टूबर 7 -- आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रशासनिक सेवा में 25 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर उन्हें बधाई देते हुए उनके नेतृत्व क्षमता की जमकर सराहना की है।
श्री नायडू ने कहा कि अपने 48 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के अनुभवों के आधार पर वे यह कह सकते हैं कि समय के साथ एक सीख सबसे अधिक स्पष्ट हुई है और वह यह कि नेतृत्व ही सबसे अधिक मायने रखता है।
सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी एक पोस्ट में चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा को असाधारण बताया। उन्होंने लिखा कि लगातार 25 वर्षों तक संवैधानिक और प्रशासनिक पदों पर रहते हुए देश का नेतृत्व करना एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने पीएम मोदी की सफलता के पीछे स्पष्ट दृष्टिकोण, अखंडता, अनुशासन, सूक्ष्म विवरण पर ध्यान देने की क्षमता और सबसे बढ़कर योजनाओं को धरातल पर लागू करने की उनकी निष्ठा को मुख्य कारक बताया।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक महामारी (कोरोना), युद्धों, भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं और तेजी से बदलते तकनीकी दौर के बावजूद भारत मजबूती के साथ अपने पथ पर अग्रसर रहा है। इस दौरान देश में अभूतपूर्व गति से बुनियादी ढांचे का विस्तार हुआ है, जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच मजबूत हुई है, तकनीक को अपनाया गया है और भारतीय उद्यमशीलता को प्रोत्साहन मिला है, जिससे भारत वैश्विक मंच पर अधिक आत्मविश्वास के साथ उभरा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित