विजयवाड़ा , अक्टूबर 25 -- आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से तिरुपति के रास्ते विशाखापत्तनम और बेंगलुरु के बीच नयी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने तथा अमरावती और विशाखापत्तनम के बीच हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने का आग्रह किया है।
श्री नायडू ने रविवार को मीडियाकर्मियों को बताया कि दिल्ली यात्रा पर उन्होंने रेल मंत्री से मुलाकात करके राज्य की रेलवे परियोजनाओं पर चर्चा की और उनमें तेजी लाने का अनुरोध किया। श्री नायडू ने बताया कि उन्होंने विजयवाड़ा बाईपास रेलवे लाइन, कोव्वूर-भद्राचलम रेलवे परियोजना, ओंगोल-डोनाकोंडा रेलवे परियोजना और अनकापल्ली-कोथावलसा बाईपास परियोजना पर चर्चा की।
विजयवाड़ा बाईपास परियोजना के तहत श्री नायडू ने कृष्णा नदी पर दो नये पुलों के निर्माण का आग्रह किया। उन्होंने कोव्वूर-भद्राचलम परियोजना को लागत साझा करने की व्यवस्था के तहत लागू करने का प्रस्ताव रखा। इसके अलावा, उन्होंने विजयवाड़ा-इटारसी और खड़गपुर-विजयवाड़ा मार्गों की क्षमता बढ़ाने के लिए चार रेलवे लाइनें बनाने की मांग की और इन कार्यों को दो साल के भीतर पूरा करने का आग्रह किया।
श्री नायडू ने अमरावती और विशाखापत्तनम के बीच हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर स्थापित करने का भी अनुरोध किया। केंद्र विशाखापत्तनम और अमरावती में एक-एक, दो प्रमुख कोचिंग टर्मिनल स्थापित करने पर पहले ही सहमत हो चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित