विजयवाड़ा , अगस्त 20 -- आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु को जोड़ने वाले एक हाईस्पीड बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का प्रस्ताव पेश किया है। इसके साथ ही उन्होंने गोदावरी-कावेरी नदी जोड़ो परियोजना से 500 टीएमसी से अधिक जल को मोड़ने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया है।
तमिलनाडु के चेन्नई महाबलीपुरम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में भाग लेते हुए मुख्यमंत्री नायडू ने दक्षिणी राज्यों के सर्वांगीण विकास और उनके बीच सुदृढ़ परस्पर सहयोग की आवश्यकता के बारे में अपनी बात रखी। इस उच्चस्तरीय बैठक में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल और पुडुचेरी के मुख्यमंत्रियों ने सहभागिता की।
मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि 'गोदावरी-कावेरी नदी जोड़ो परियोजना' से 500 टीएमसी से अधिक जल को मोड़ने से तमिलनाडु की पेयजल और सिंचाई समस्या का स्थायी समाधान दे सकता है। उन्होंने अंतर-राज्यीय जल विवादों के समाधान के लिए समन्वित प्रयासों का आह्वान करते हुए 'गंगा-कावेरी लिंक' की दीर्घकालिक राष्ट्रीय योजना पर भी बल दिया और नदी-जोड़ो परियोजनाओं के लिए तयशुदा समय में विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) एवं स्वीकृतियों की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित