चंद्रपुर , अक्टूबर 31 -- महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में अलग-अलग जगहों पर हुए बाघ के हमलों में दो लोगों की मौत हो गई और एक मवेशी चरवाहा गंभीर रूप से घायल हो गया। इन घटनाओं के बाद जंगल से सटे ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है।
वन अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार को चिमूर के गाडगांव वन क्षेत्र के गर्दापार गांव निवासी सदाशिव चिरकाटा खड़सांग (55) दोपहर करीब डेढ़ बजे अपने खेत के पास शौच के लिए गए थे, जहां बाघ ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी घटना में सिंदेवाही तालुका के धूमनखेड़ा गांव के रहने वाले 75 वर्षीय पात्रू रामजी मेश्राम दोपहर करीब 2 बजे अपनी धान की फसल का मुआयना करने गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों और ग्रामीणों द्वारा तलाश करने पर खेत में उनका चश्मा, छड़ी, चप्पल और खून के धब्बे मिले। बाद में वन विभाग के खोज अभियान के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास उनका शव बरामद हुआ। आशंका है कि बाघ उन्हें घसीटकर ले गया और मार डाला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित