चंद्रपुर , मई 07 -- महाराष्ट्र के चंद्रपुर नगर निगम के चार कर्मचारियों को एक मई को आयोजित महाराष्ट्र दिवस समारोह के दौरान कथित लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

नगर निगम सूत्रों के अनुसार जनसंपर्क अधिकारी युधिष्ठिर रैंच और स्टोर विभाग प्रमुख सिद्दीकी अहमद को समारोह के दौरान जनप्रतिनिधियों, पार्षदों और वरिष्ठ अधिकारियों के लिए पारंपरिक फेटों (पगड़ियों) की व्यवस्था नहीं करने के आरोप में निलंबित किया गया।

इसके अलावा महापौर और उपमहापौर कार्यालय से जुड़े दो चपरासियों को ध्वजारोहण कार्यक्रम के लिए समय पर नगर निगम कार्यालय नहीं खोलने तथा ड्यूटी के दौरान कथित रूप से शराब के नशे में रहने के आरोप में निलंबित किया गया है।

यह कार्यक्रम गिरनार चौक पर छत्रपति शिवाजी महाराज की अश्वारूढ़ प्रतिमा के चबूतरे के भूमिपूजन के लिए आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में पालकमंत्री अशोक उइके, सांसद प्रतिभा धानोरकर, विधायक किशोर जोरगेवार, महापौर संगीता खांडेकर, उपमहापौर प्रशांत दानव समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

निलंबित कर्मचारियों पर कार्यक्रम से संबंधित बैनर नहीं लगाने और निमंत्रण पत्र वितरित नहीं करने के आरोप भी लगे हैं।

नगर आयुक्त अकुनुरी नरेश ने चार मई को निलंबन आदेश जारी किये थे।

इस कार्रवाई के बाद नगर निगम कर्मचारियों में नाराजगी बतायी जा रही है। कुछ कर्मचारियों का आरोप है कि निचले स्तर के कर्मचारियों को निशाना बनाया गया है, जबकि वरिष्ठ अधिकारियों को जवाबदेही से बचा लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित