चंदौली , अगस्त 14 -- उत्तर प्रदेश में चंदौली जिले की धीना थाना पुलिस ने वर्ष 2018 से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने महुजी तिराहा के पास, जमानिया सीमा से करीब 300 मीटर पहले, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। गिरफ्तार बदमाश की पहचान अरबाज नट उर्फ खबरी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार अरबाज नट के खिलाफ वर्ष 2018 में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। लंबे समय से फरार रहने और न्यायालय में उपस्थित न होने के कारण उसके खिलाफ धारा 174-ए के तहत भी कार्रवाई की गई थी। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित