चंदौली , अगस्त 28 -- उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में अलीनगर थाना क्षेत्र में 25 अगस्त की रात हुई लूट और फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अलीनगर पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, 4,420 रुपये नकद, तीन तमंचे, छह कारतूस, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे गल्लामंडी ईस्टर्न बाजार निवासी सूर्यान्श जायसवाल अपने मित्र प्रशांत यादव और मोहित चौहान के साथ कार से एसएस हॉस्पिटल आलमपुर के पास पहुंचे थे। इसी दौरान टीवीएस रोनिन बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी कार के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने तमंचे से फायरिंग करते हुए सूर्यान्श के गले से सोने की चेन छीन ली और चंदौली की ओर फरार हो गए।

घटना के संबंध में अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य भौतिक साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू की। पुलिस को शुक्रवार को सूचना मिली कि घटना में शामिल बदमाश दोबारा वारदात की फिराक में सकलडीहा की ओर से रिंग रोड की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर अलीनगर पुलिस और स्वाट टीम ने तारापुर-आलमपुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।

कुछ देर बाद बाइक सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर उन्होंने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन सड़क गीली होने के कारण बाइक फिसल गई। पुलिस ने दोनों को मौके पर पकड़ लिया। उनकी पहचान राजकुमार दुबे निवासी जमुआवं, गाजीपुर और अमन गिरी निवासी बभनियाव, चंदौली के रूप में हुई।

राजकुमार के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, तमंचा, कारतूस, दो मोबाइल फोन, तीन हजार रुपये और घटना में प्रयुक्त टीवीएस रोनिन बाइक बरामद हुई। अमन गिरी के पास से तमंचा, दो कारतूस, मोबाइल फोन और 500 रुपये मिले।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित