चंदौली , अगस्त 15 -- बाबा किनाराम जन्मोत्सव समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 10 से 12 सितंबर तक आयोजित होने वाले समारोह को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद अधिकारियों ने आयोजन स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि समारोह में बड़ी संख्या में दूर-दराज से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और चिकित्सा व्यवस्था समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं के लिए पानी के टैंकर, अस्थायी शौचालय, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र और मोबाइल मेडिकल टीम की व्यवस्था करने को कहा।
डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी को मेला क्षेत्र में 24 घंटे शिफ्टवार सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करते हुए व्यवस्थाएं समारोह से पहले ही पूरी करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने मेला क्षेत्र और मंदिर परिसर को सेक्टरों में बांटकर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। प्रमुख स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों के साथ सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे।
एसपी ने यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए रूट डायवर्जन और अलग-अलग पार्किंग स्थलों की व्यवस्था करने को कहा। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मेला क्षेत्र की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि अराजक तत्वों पर नजर रखी जा सके और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, संबंधित विभागों के अधिकारी, बाबा किनाराम मठ/समिति के सेवादार और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित