चंदौली , अक्टूबर 29 -- चंदौली जिले की अलीनगर पुलिस ने मानसनगर कॉलोनी स्थित इंडेन गैस गोदाम में सेंध लगाकर सिलेंडर चोरी करने के मामले में गुरुवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 गैस सिलेंडर, एक टाटा मैजिक गाड़ी, नकदी और चोरी में इस्तेमाल किया गया पेचकस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मानसनगर स्थित इंडेन गैस गोदाम के पास खड़खड़ाहट की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोदाम में सेंध लगाकर सिलेंडर चोरी कर रहे रोहित खरवार को पकड़ लिया।
पूछताछ में रोहित ने अपने छोटे भाई मोहित खरवार और साथी रतन गौड़ के साथ चोरी करने की बात बताई। उसने बताया कि चोरी के 11 सिलेंडर टाटा मैजिक गाड़ी से पटनवा निवासी सुधीर सिंह के यहां बेचने के लिए ले जाए गए थे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सुधीर सिंह के घर से 11 सिलेंडर और टाटा मैजिक गाड़ी बरामद कर अन्य तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने कुल 30 इंडेन गैस सिलेंडर बरामद किए हैं, जिनमें 19 सिलेंडर गोदाम से और 11 सुधीर सिंह के घर से मिले। इसके अलावा 6,400 रुपये नकद, मोबाइल फोन और एक लोहे का पेचकस भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित खरवार (23), मोहित खरवार (19), रतन गौड़ (20) और सुधीर सिंह (46) के रूप में हुई है। पुलिस ने अलीनगर थाने में मुकदमा संख्या 664/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित