चंडीगढ़ , अक्टूबर 17 -- दिव्य रामायण युवा कला मंच की ओर से सेक्टर-49 में आयोजित पांचवें रामलीला एवं दशहरा महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

विजयदशमी पर 70 फुट ऊंचे रावण और 65-65 फुट ऊंचे कुंभकर्ण एवं मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। संजय टंडन मुख्य अतिथि और भजन गायक कन्हैया मित्तल गेस्ट ऑफ ऑनर होंगे।

कार्यक्रम के तहत अपराह्न तीन बजे सेक्टर-50 स्थित प्रोग्रेसिव सोसायटी मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी, जबकि शामछह बजे रावण दहन होगा। आयोजन में ग्रीन पटाखों और आतिशबाजी के साथ श्रद्धालुओं के बैठने की विशेष व्यवस्था कीगई है। अरुण सूद सहित कई राजनीतिक और प्रशासनिक हस्तियों के भी पहुंचने की संभावना है।

प्रधान चिराग अग्रवाल के नेतृत्व में संस्था पांच वर्षों से ट्राइसिटी में रामलीला का आयोजन कर रही है। इस बार राम की भूमिका सुमित सेठी, सीता की भूमिका शुबरा सिंह, लक्ष्मण की भूमिका आशीष रौतेला और हनुमान की भूमिका प्रशांत निभा रहे हैं। रावण और राजा दशरथ का किरदार चंडीगढ़ पुलिस के एएसआई अश्विनी शर्मा निभाएंगे।

रामलीला के लिए 60 फुट का मंच और 50 फुट की एआई आधारित एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। संस्था का उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्शों और भारतीय संस्कृति को नयी पीढ़ी तक पहुंचाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित