चंडीगढ़ , सितंबर 02 -- चंडीगढ़ के प्रशासक की सलाहकार परिषद की शिक्षा संबंधी स्थायी समिति की बैठक बुधवार को यूटी गेस्ट हाउस, सेक्टर-6 में समिति के अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शिक्षा विभाग की उपलब्धियों और शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई।
समिति ने पदोन्नति कोटे के तहत शिक्षकों के रिक्त पद नियमित रूप से भरने तथा वरिष्ठता सूचियों को जल्द अंतिम रूप देने पर जोर दिया। विद्यार्थियों को करियर और लक्ष्य निर्धारण संबंधी उचित मार्गदर्शन देने की जरूरत भी बताई गई।
सरकारी संसाधनों के बेहतर उपयोग पर चर्चा करते हुए समिति ने सुझाव दिया कि विद्यार्थियों को शैक्षणिक सत्र समाप्त होने के बाद अच्छी स्थिति वाली पाठ्यपुस्तकें वापस करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए, ताकि अगले बैच के विद्यार्थी उनका दोबारा इस्तेमाल कर सकें और सरकारी खर्च कम हो।
समिति ने पर्याप्त सुरक्षा और सुविधाओं की उपलब्धता होने पर निर्धारित समय में स्कूलों के खेल मैदान आसपास के बच्चों के लिए खोलने का सुझाव दिया। इससे खेल फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिलेगा।
निर्माण एवं विकास कार्यों में बेहतर समन्वय के लिए शिक्षा विभाग और इंजीनियरिंग विभाग की संबंधित शाखाओं के प्रतिनिधियों की समन्वय समिति गठित करने का सुझाव दिया गया। कार्यों की नियमित जांच और ऑडिट कर गुणवत्ता, समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। तय बिंदुओं पर कार्रवाई की समीक्षा के लिए अगली बैठक 20 दिन बाद होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित