चंडीगढ़ , सितंबर 02 -- चंडीगढ़ में वार्ड नंबर 24 के सेक्टर 42-सी में बुधवार को करीब 45 लाख रुपये की लागत वाले दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। इन कार्यों से क्षेत्र में सड़क, जल निकासी, स्वच्छता और सार्वजनिक सुविधाओं में सुधार होगा।

पहले मैंगो पार्क के पास नए कर्ब, चैनल और पेवर ब्लॉक लगाने तथा मरम्मत कार्य की शुरुआत की गई। एसडीओ साहिल ठाकुर ने बताया कि करीब 36 लाख रुपये की लागत वाले इस कार्य को दो महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत लगभग 400 मीटर नए पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे और कर्ब व चैनल का निर्माण तथा आवश्यक मरम्मत की जाएगी। इससे बरसाती पानी की निकासी बेहतर होगी।

इसके बाद सेक्टर 42-सी मार्केट में सार्वजनिक शौचालय ब्लॉक के मरम्मत और नवीनीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया। जेई धीरज कुमार ने बताया कि इस कार्य पर करीब नौ लाख रुपये खर्च होंगे। शौचालयों में नई फ्लश व्यवस्था सहित आवश्यक सुविधाएं और फिटिंग लगाई जाएंगी।

दोनों विकास कार्यों का शुभारंभ पूर्व वरिष्ठ उप महापौर एवं वार्ड नंबर 24 के पार्षद जसबीर सिंह बंटी की उपस्थिति में हुआ। उन्होंने कहा कि वार्ड में बुनियादी नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। सड़क, जल निकासी, स्वच्छता और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जा रहा है।

इस अवसर पर आरडब्ल्यूए और मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित