चंडीगढ़ , मार्च 11 -- चंडीगढ़ के सेक्टर-23 स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में बुधवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब झगड़ा सुलझाने पहुंचे पुलिसकर्मी के साथ ही एक व्यक्ति ने हाथापाई कर दी। आरोपी ने एएसआई के साथ धक्का-मुक्की की, जिससे उनकी पगड़ी नीचे गिर गई। मौके पर मौजूद लोगों और अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से आरोपी को काबू कर हिरासत में लिया गया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई।

पुलिस जांच में आरोपी की पहचान सेक्टर-24 निवासी अवतार सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह साइकियाट्रिक समस्या से पीड़ित है और उसका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, अवतार सिंह आज सेक्टर-23 स्थित एसबीआई के एटीएम में पैसे निकालने पहुंचा था। वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड ने उसे बताया कि एटीएम मशीन काम नहीं कर रही है और वह पास के दूसरे एटीएम से पैसे निकाल सकता है। इसी बात को लेकर अवतार सिंह पहले सिक्योरिटी गार्ड से उलझ गया और फिर बैंक के अंदर जाकर कर्मचारियों से भी बहस करने लगा। हालात बिगड़ते देख बैंक मैनेजर ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी।

सूचना मिलने पर एरिया बीट इंचार्ज एएसआई लखबीर सिंह मौके पर पहुंचे। एएसआई लखबीर सिंह अवतार सिंह को समझाकर बैंक के बाहर ले जा रहे थे कि अचानक आरोपी ने गालियां देनी शुरू कर दीं और एएसआई को थप्पड़ जड़ दिया, इस दौरान उनकी पगड़ी भी नीचे गिर गई।

घटना के दौरान वाहं मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। थोड़ी देर बाद अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए और आरोपी को काबू कर पुलिस वाहन में बैठाया गया। इस दौरान आरोपी जिद करने लगा कि वह गाड़ी की आगे वाली सीट पर बैठेगा और वाहन भी खुद चलाएगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे समझाकर पीछे की सीट पर बैठाया।

थाना-17 पुलिस के अनुसार मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है, क्योंकि आरोपी अवतार सिंह मानसिक बीमारी से पीड़ित है और उस दिन वह अपनी दवा लेना भूल गया था। बैंक मैनेजर की ओर से भी कोई शिकायत नहीं दी गई। वहीं आरोपी के भाई गुरमीत सिंह ने मौके पर पहुंचकर माफी मांग ली, जिसके बाद पुलिसकर्मी ने भी शिकायत दर्ज नहीं करवाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित