चंडीगढ़ , सितंबर 25 -- पंजाब मानवाधिकार आयोग की ओर से चंडीगढ़ के सेक्टर-40 में लोगों की समस्याएं सुनने के लिए जनता दरबार लगाया गया।
आयोग के सदस्य पद्मश्री जितेंद्र सिंह शैंटी ने लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दरबार में स्थानीय लोगों ने मुख्य रूप से क्षेत्र में नशे की समस्या का मुद्दा उठाया। लोगों ने कहा कि सेक्टर-40 और आसपास के इलाकों में नशे से जुड़ी गतिविधियां चिंता का विषय बनी हुई हैं। इसके अलावा सेक्टर-40 और 41 में संचालित कुछ इमीग्रेशन कंपनियों से जुड़ी शिकायतें भी लोगों ने आयोग के सामने रखीं।
लोगों ने बिजली विभाग समेत विभिन्न सरकारी विभागों से जुड़ी समस्याओं की जानकारी भी दी। उनका कहना था कि कई मामलों में शिकायतों के बावजूद समय पर समाधान नहीं हो पाता। लोगों ने अधिकारियों से उनकी समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई करने की मांग की।
श्री जितेंद्र सिंह शैंटी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द उनका समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। जनता दरबार में दूर-दराज से पहुंचे लोगों की भी शिकायतें सुनी गईं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित