चंडीगढ़ , जून 21 -- चंडीगढ़ अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत चंडीगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुल 292 पेटियां और कई बोतलें अंग्रेजी शराब बरामद की हैं। मामलों की जांच जारी है।
थाना मौली जागरां पुलिस ने 20 जून को रायपुर खुर्द स्थित ट्रिब्यून कॉलोनी के पीछे से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान विशु निवासी सेक्टर-27, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से रॉयल जनरल व्हिस्की के 30 क्वार्टर, इम्पीरियल ब्लू की छह बोतलें, रॉयल स्टैग की एक बोतल और आइकॉनिक व्हाइट की दो बोतलें बरामद हुईं। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, 19 जून को थाना सेक्टर-39 पुलिस ने सेक्टर-40/सी क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक महिंद्रा पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन से विभिन्न ब्रांड की 292 पेटियां अवैध शराब बरामद हुईं। इस मामले में गुरप्रीत सिंह निवासी अंबाला और अमित निवासी सोनीपत को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वाहन को कब्जे में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपियों को जमानत पर रिहा कर दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित