चंडीगढ़ , सितंबर 22 -- चंडीगढ़ नगर निगम सदन की बैठक मंगलवार को शुरू हो गई। बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा होगी। सप्लीमेंट्री एजेंडे के तहत सेक्टर-53 और सेक्टर-52 के वेंडिंग जोन से जुड़ी निरीक्षण रिपोर्ट रखी गई है। यह सप्लीमेंट्री एजेंडे का एकमात्र प्रस्ताव है।
मेयर ने 16 सितंबर को नगर निगम के संयुक्त आयुक्त-1 के साथ सेक्टर-53 वेंडिंग जोन का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान साइट पर पानी की टंकी और शौचालय की सुविधा उपलब्ध मिली, लेकिन मौके पर एक भी स्ट्रीट वेंडर मौजूद नहीं था। वेंडिंग जोन तक जाने वाले रास्ते और आसपास की सड़कों पर घास व झाड़ियां उगी मिलीं। रिपोर्ट में यह भी दर्ज है कि वेंडिंग जोन रिहायशी क्षेत्र में नहीं है।
नगर निगम के अनुसार सेक्टर-53 में वेंडिंग के लिए 524 साइट संभव हैं, जिनमें से 329 साइट आवंटित की गई हैं। सेक्टर-52 में 64 साइट संभव हैं और सभी 64 साइट आवंटित हो चुकी हैं। वेंडरों की ओर से आवंटित साइटों से किसी वैकल्पिक स्थान पर शिफ्ट करने को लेकर कई संयुक्त प्रतिनिधित्व और शिकायतें निगम को प्राप्त हुई हैं।
बैठक में 320 पब्लिक टॉयलेट ब्लॉक, 144 कनेक्टिंग पैसेज और 62 साइकिल डॉकिंग स्टेशन पर टेंडर फाइनल होने तक मासिक भुगतान के आधार पर विज्ञापन प्रदर्शित करने की अंतरिम अनुमति देने का प्रस्ताव भी आएगा।
इसके अलावा शहर के सभी कम्युनिटी सेंटरों का नाम बदलकर 'जनउपयोगी केंद्र' करने का प्रस्ताव रखा जाएगा। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2026 के अनुरूप चंडीगढ़ सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट बायलॉज-2026 लागू करने पर भी चर्चा होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित