चंडीगढ़ , मार्च 23 -- चंडीगढ़ के सेक्टर-39 डी स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों के लिए अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब स्थापित की गई है। भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा के प्रयासों से बनी इस लैब में एसएमएल इसुजु द्वारा 15 कंप्यूटर प्रदान किए गए हैं। यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

कंप्यूटर लैब का उद्घाटन शिक्षा सचिव प्रेरणा पुरी, प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा और डीपीआई स्कूल नीतीश सिंगला ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर एसोचैम चंडीगढ़ के अध्यक्ष एवं एसएमएल इसुजु के प्रतिनिधि राकेश भल्ला, प्रदेश मीडिया प्रभारी रवि रावत, डॉ. मोनिका बी. सूद, मंडल अध्यक्ष अमित नागर, पार्षद गुरबख्श कौर, स्कूल प्रिंसिपल व स्टाफ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि स्कूल में कंप्यूटर लैब की कमी की जानकारी मिलने पर इसे प्राथमिकता से पूरा किया गया। उन्होंने एसएमएल इसुजु के प्रतिनिधि राकेश भल्ला से संपर्क कर स्कूल को 15 कंप्यूटर उपलब्ध करवाए।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक लैब नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। आज के डिजिटल युग में कंप्यूटर ज्ञान बेहद आवश्यक हो गया है। ऐसे में स्कूली स्तर पर ही बच्चों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ना जरूरी है।

उन्होंने आगे कहा कि कंप्यूटर शिक्षा से बच्चों में तार्किक क्षमता, रचनात्मक सोच और नवाचार की भावना विकसित होती है। इससे विद्यार्थियों को भविष्य में बेहतर रोजगार के अवसर मिलते हैं और वे आत्मनिर्भर बनते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित