चंडीगढ़ , जुलाई 02 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के सेक्टर-32 चौक से जीएमसीएच-32 अस्पताल की ओर जाने वाली स्लिप रोड की बदहाल स्थिति मरीजों, उनके परिजनों, अस्पताल कर्मचारियों और आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई की गयी थी। कार्य पूरा होने के बाद सड़क की समुचित मरम्मत नहीं करायी गयी, जिससे हाल ही में हुई बारिश के बाद सड़क पर कीचड़, गड्ढे और जलभराव की स्थिति बन गयी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क पर फिसलन बढ़ने से कई दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोट खा चुके हैं यह मार्ग प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीजों, तीमारदारों, एंबुलेंस और अस्पताल स्टाफ द्वारा इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में सड़क की खराब हालत दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रही है।
समाजसेवी अरविंद सिंह ने चंडीगढ़ प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए स्लिप रोड की जल्द से जल्द मरम्मत करायी जाये, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित