चंडीगढ़ , मई 29 -- चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी ने शुक्रवार को वार्ड 22 के अंतर्गत सेक्टर 31, 32 और 33 के आठ पार्कों में बच्चों के लिए लगाए गए झूलों का उद्घाटन किया। इन झूलों के लिए सांसद ने अपने सांसद कोटे से अनुदान जारी किया था।
इस मौके पर आम आदमी पार्टी (आप) पार्षद अंजू कत्याल, चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस लक्की समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
सांसद तिवारी ने कहा कि शहर के सर्वांगीण विकास के लिए सांसद कोटे से लगातार अनुदान जारी की जा रही है। सेक्टर 31, 32 और 33 के पार्कों में झूले लगाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। शहर में कई अन्य विकास कार्य भी चल रहे हैं, जिन्हें आने वाले दिनों में जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह अनुदान जारी करने के साथ प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर शहर की कई समस्याओं का समाधान भी करवा रहे हैं।
चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि कांग्रेस विकास की राजनीति में विश्वास रखती है। शहर में हो रहे विकास कार्य पार्टी की सोच को दर्शाते हैं। विकास केवल दावे करने से नहीं होता, वह जमीनी स्तर पर दिखना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित