चंडीगढ़ , फरवरी 14 -- चंडीगढ़ और पंजाब के कई शहरों में आज शीत लहर चलने के अनुमान के मद्देनजर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हो रही बर्फबारी और उसके पिघलने के कारण मैदानी क्षेत्रों में ठंडी हवाएं चलने के आसार हैं।
इससे तापमान में फिलहाल किसी बड़ी बढ़ोतरी का अनुमान नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक सुबह और शाम के समय ठंड का असर अधिक होगा। दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण लोगों को सर्दी का एहसास बना रहेगा। गौरतलब है कि दो दिन पहले तक लगातार तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही थी, जिससे लोगों को हल्की गर्मी का एहसास होने लगा था। अब मौसम में अचानक बदलाव के कारण फिर से ठंड बढ़ने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे गर्म कपड़े पहनें, सुबह-शाम अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित