चंडीगढ़ , जुलाई 12 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के सेक्टर-47 में शनिवार देर रात एक कार चोरी होने का मामला सामने आया है। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बताया जा रहा है कि चोर कार चोरी कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि चंडीगढ़ पुलिस की हाईटेक नाकेबंदी के बावजूद वाहन चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले भी शहर में कई कार चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। लोगों ने इस घटना के बाद चंडीगढ़ पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।

कार जिस इलाके से चोरी हुई वह पॉश इलाका माना जाता है। यहां कई सरकारी इमारतें स्थित हैं और यह क्षेत्र एयर फोर्स एरिया के करीब होने के कारण संवेदनशील भी माना जाता है। ऐसे इलाके में कार चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पीड़ित कार स्वामी ने संबंधित पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करा दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित