चंडीगढ़ , जून 19 -- आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को यहां सेक्टर-34 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा का पुतला फूंककर अपना विरोध जताया।

पिछले कुछ दिनों से श्री मल्होत्रा एक कथित विवादित वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। वीडियो में पंजाबियों पर की गई उनकी टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस बयान के बाद पंजाबी समुदाय और विभिन्न राजनीतिक दलों में लगातार नाराजगी देखने को मिल रही है।

इससे पहले गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया था। वहीं आज आप के बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-34 में विरोध प्रदर्शन कर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग उठाई।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उक्त टिप्पणी से पंजाबियों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि जब तक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अपने बयान पर माफी नहीं मांगते, तब तक विरोध जारी रहेगा।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद चंडीगढ़ की राजनीति गरमा गई है। विभिन्न राजनीतिक दल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान को लेकर लगातार विरोध दर्ज करा रहे हैं, जबकि भाजपा की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित