चंडीगढ़ , जून 24 -- चंडीगढ़ के प्रमुख आकर्षणों में शामिल सेक्टर-17 प्लाजा की रौनक एक बार फिर लौटती दिखाई दे रही है। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर थे, जिसके चलते सेक्टर-17 में भीड़भाड़ और चहल-पहल कम हो गई थी।
हालांकि, मौसम में आए बदलाव और तापमान में गिरावट के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। मौसम विभाग द्वारा बारिश का अलर्ट जारी किए जाने और मानसून की दस्तक के साथ ही शहर का मौसम सुहावना हो गया है। इसका असर सेक्टर-17 की रौनक पर भी साफ दिखाई देने लगा है।
यहां बुधवारशाम सेक्टर-17 प्लाजा में बड़ी संख्या में लोग घूमते नजर आए। कई लोग चाय की चुस्कियों का आनंद लेते दिखे, तो कई आइसक्रीम का स्वाद लेते हुए मौसम का लुत्फ उठाते नजर आए। परिवारों, युवाओं और दोस्तों के समूहों की मौजूदगी से पूरा प्लाजा गुलजार दिखाई दिया।
मौसम के सुहावना होने से लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। हर वर्ग के लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ सेक्टर-17 में समय बिताते और शाम का आनंद लेते दिखाई दिए। इससे एक बार फिर सेक्टर-17 की पुरानी रौनक लौटती नजर आ रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित