चंडीगढ़ , फरवरी 19 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में उस समय हड़कंप मच गया, जब पंजाब सचिवालय और चंडीगढ़ जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गयी थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार ई-मेल में मुख्यमंत्री कार्यालय, सचिवालय और न्यायालय परिसर में विस्फोट की बात कही गयी है। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। एहतियात के तौर पर सचिवालय परिसर को खाली करा लिया गया और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। साथ ही हरियाणा सचिवालय को भी अलर्ट कर दिया गया है।

मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। आने-जाने वाले लोगों की सख्ती से जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि धमकी भरे ई-मेल का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाये रखें, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित