चंडीगढ़ / पंचकूला , जनवरी 27 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के रेलवे स्टेशन पर देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हिमाचल प्रदेश नंबर की एक कार प्लेटफॉर्म और रेलवे ट्रैक के बीच फंस गयी, जिससे स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह घटना देर रात करीब तीन बजे की बतायी जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार किसी तरह रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 तक पहुंच गयी और प्लेटफॉर्म एवं ट्रैक के बीच फंसकर रुक गयी। इस घटना के बाद उस समय स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गयी। इसी दौरान एक यात्री ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो बनाये जाने के समय कार में एक युवक मौजूद था, हालांकि वह सुरक्षित बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया। इसके बाद कार को स्टेशन परिसर से बाहर खड़ा कराया गया। गनीमत यह रही कि जिस समय कार प्लेटफॉर्म और ट्रैक के बीच फंसी हुई थी, उस दौरान किसी भी ट्रेन की आवाजाही नहीं हुई। यदि उस समय कोई ट्रेन आ जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कार स्टेशन परिसर तक कैसे पहुंची।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित