चंडीगढ़ , अगस्त 26 -- चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्माण कार्य को तेज करने के लिए सितंबर के तीसरे सप्ताह से 15 दिनों तक ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित करके काम करने की अनुमति (ब्लॉक) लेने की तैयारी है। स्टेशन का पुनर्निर्माण कर रही अहलूवालिया कंपनी ने रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) से ब्लॉक की मांग की है। प्रस्ताव तैयार कर अंबाला मंडल को भेज दिया गया है। मंजूरी मिलने के बाद ब्लॉक की अंतिम तारीख तय होगी।
प्रस्ताव के अनुसार अलग-अलग प्लेटफार्म पर दो-दो दिन का ब्लॉक लिया जाएगा। प्रत्येक ब्लॉक लगातार 24-24 घंटे का होगा। इस दौरान संबंधित प्लेटफार्म से ट्रेनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। पहले प्लेटफार्म नंबर 1 और 2, इसके बाद 3 और 4 तथा 5 और 6 पर ब्लॉक लेने की योजना है।
ब्लॉक के दौरान प्लेटफार्म के ऊपर से गुजरने वाले फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के हिस्से में गार्टर और छत डालने का काम किया जाएगा। एफओबी के दोनों तरफ पिलर तैयार किए जा चुके हैं। पंचकूला की तरफ एफओबी का ज्यादातर काम पूरा हो चुका है, जबकि प्लेटफार्म के ऊपर वाले हिस्से का निर्माण बाकी है। चंडीगढ़ की तरफ भी काम चरणबद्ध तरीके से जारी है।
निर्माण कार्य के कारण कुछ ट्रेनों को रद्द करने, कुछ के प्लेटफार्म बदलने और जरूरत पड़ने पर उनके संचालन में बदलाव की संभावना है। कुछ ट्रेनों को अंबाला और घग्घर रेलवे स्टेशन से चलाने पर भी विचार किया जा रहा है। रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक संचालन व्यवस्था तैयार कर रहा है।
रेलवे के अनुसार एक समय में केवल संबंधित प्लेटफार्म को बंद रखा जाएगा। काम पूरा होने के बाद अगले दिन उसे ट्रेनों के संचालन के लिए खोल दिया जाएगा। ब्लॉक की मंजूरी और तारीख तय होने के बाद रेलवे ट्रेनों के रद्द होने, प्लेटफार्म बदलने और वैकल्पिक स्टेशनों से संचालन की पूरी जानकारी जारी करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित