चंडीगढ़ , अगस्त 19 -- चंडीगढ़ और मोहाली में बुधवार सुबह से रिमझिम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग की ओर से पहले ही आने वाले दिनों में भारी बारिश होने को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। बारिश को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों को खान-पान में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार बारिश के मौसम में दूषित पानी और खाद्य पदार्थों से होने वाली बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए लोगों को साफ पानी पीने और ताजा भोजन का सेवन करने पर ध्यान देना चाहिए।
वहीं, चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से शहर में जगह-जगह साफ-सफाई का काम कराया जा रहा है। बारिश के दौरान सड़कों पर गिरे पेड़-पौधों और अन्य मलबे को हटाने का काम भी जारी है। मंगलवार को को हुई भारी बारिश के बाद हालांकि शहर में कई जगह जलभराव ने प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए थे। सेक्टर-28 और सेक्टर-26 की डिवाइडिंग रोड पर जमीन धंसने की घटना भी सामने आई थी।हालांकि इस घटना में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली।
बीते दिनों हुई बारिश के दौरान कई स्थानों पर वाहन पानी में फंस गए और कुछ गाड़ियों एवं अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचा। इसे देखते हुए पुलिस ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचने और बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन की टीमें संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रख रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित