नयी दिल्ली , जुलाई 21 -- चुनाव आयोग ने केंद्र शासित क्षेत्र चंडीगढ़ की नयी मतदाता सूची का मसौदा मंगलवार को जारी किया जिसमें पुरानी सूची के 87.19 प्रतिशत लोगों के नाम आये हैं।

चंडीगढ़ के मुख्य चुनाव अधिकारी से प्राप्त सूचना के हवाले से आयोग ने एक विज्ञप्ति में बताया कि चंडीगढ़ की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए गत 14 मई को की गयी घोषणा के समय वहां कुल पंजीकृत मतदाताओं की कुल संख्या 5,16,427 थी। 15 जून से 14 जुलाई तक एसआईआर के मतदाता गणना अभियान के दौरान 4,50,280 मतदाताओं के गणना प्रपत्र (87.19 प्रतिशत) प्राप्त हुए। पुरानी सूची में शामिल 66,147 मतदाताओं (12.81 प्रतिशत) के गणना-प्रपत्र विभिन्न कारणों से प्राप्त नहीं हो सके।

आयोग के अनुसार मतदाता गणना प्रपत्र भरने के चरण में जिन 66,147 प्रतिशत के गणना प्रपत्र नहीं मिलने उनमें 43,725( 66.10 प्रतिशत ) स्थायी रूप से चंड़ीगढ़ छोड़ गये हैं, 12,568 (19.00 प्रतिशत) अनुपस्थित पाये गये, 3,535 (5.34 प्रतिशत ) मृत , 2,590 (3.91प्रतिशत) एक से अधिक जगह पंजीकृत होने तथा 3,729 (5.63 प्रतिशत ) ने कई अन्य कारणों से पपत्र नहीं जमा कराया है।

आयोग ने कहा है कि प्रत्येक मतदान केंद्र (बूथ) के लिए प्रारूप मतदाता सूची की मुद्रित एवं डिजिटल प्रतियां सभी पांच मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध करायी जायेंगी। इसके अलावा, नागरिक अपने विवरण का ऑनलाइन सत्यापन करने के लिए इसे मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ), चंडीगढ़ की वेबसाइट पर भी देख सकेंगे।

मसौदा सूची पर आज से 20 अगस्त तक कोई भी मतदाता अथवा कोई भी राजनीतिक दल संबंधित निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) के समक्ष दावा या आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित