चंडीगढ़ , जनवरी 15 -- चंडीगढ़ साइबर अपराध पुलिस थाना ने गुरुवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए 'डिजिटल अरेस्ट' के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया।
पुलिस ने इस मामले में पंजाब, चंडीगढ़ और चेन्नई से कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम वीना, धर्मेंद्र, सुखदीप, सतनाम, मुकेश और गिरोह का मास्टरमाइंड फ़ज़ल रॉकी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने शिकायतकर्ता और उसकी पत्नी को फोन कॉल के जरिए खुद को कानून प्रवर्तन एजेंसियों का अधिकारी बताया। उन्होंने गंभीर कानूनी कार्रवाई की धमकी देते हुए करीब दो दिनों तक पीड़ित दंपती को मानसिक रूप से डराकर तथाकथित 'डिजिटल अरेस्ट' में रखा। इसी दौरान दबाव बनाकर उनसे कुल 38 लाख रुपये ठग लिए।
जांच में सामने आया कि गिरोह का मुख्य सरगना फ़ज़ल रॉकी चेन्नई से पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था। वह टेलीग्राम ऐप के जरिए चीनी नागरिकों के संपर्क में था। ठगी की रकम पहले विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवाई जाती थी और बाद में उसे यूएसडीटी नामक क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर विदेश भेज दिया जाता था। इस प्रक्रिया में स्थानीय सहयोगियों को लगभग 10 प्रतिशत कमीशन दिया जाता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित