चंडीगढ़ , सितंबर 09 -- चंडीगढ़ में युवाओं को स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और शहर में मजबूत आर्थिक ढांचा तैयार करने के उद्देश्य से बुधवार को स्टार्टअप पॉलिसी जारी की गई।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि चंडीगढ़ की भौगोलिक स्थिति और सीमित भूमि को देखते हुए बड़े उद्योगों के विस्तार की संभावनाएं सीमित हैं। ऐसे में स्टार्टअप के माध्यम से युवाओं को नए अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।
राज्यपाल ने कहा कि युवाओं को प्रोत्साहित कर उन्हें अपने उद्यम शुरू करने के लिए सक्षम बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विभिन्न मुद्दों और जरूरतों का अध्ययन करने के बाद स्टार्टअप पॉलिसी तैयार की गई है। इसका लक्ष्य युवाओं को नवाचार और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के दौरान आठ स्टार्टअप को शुरू करने के लिए अनुदान राशि जारी की गयी। राज्यपाल ने कहा कि इस अनुदान को पुरस्कार के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। यह राशि नई तकनीक और विचारों को आगे बढ़ाने में मदद करने के उद्देश्य से दी जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्टार्टअप नीति के माध्यम से चंडीगढ़ के युवा नए उद्यम स्थापित कर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित