चंडीगढ़ , जून 12 -- हरियाणा सरकार ने चंडीगढ़ में सरकारी आवासों के आवंटन को अधिक पारदर्शी, सटीक और समयबद्ध बनाने के लिए विकसित किए जा रहे नए ऑनलाइन मॉड्यूल के मद्देनजर सभी विभागों को आवश्यक जानकारी निर्धारित समय सीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। यह मॉड्यूल चंडीगढ़ प्रशासन के ई-आवास पोर्टल पर विकसित किया जाएगा।

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, हरियाणा लोक सेवा आयोग, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग, हरियाणा विधानसभा, हरियाणा पुलिस तथा अन्य प्रमुख कार्यालयों को पत्र जारी कर नोडल अधिकारी नियुक्त करने और आवश्यक विवरण उपलब्ध कराने को कहा है।

वर्तमान व्यवस्था के तहत पात्र कर्मचारियों को सरकारी आवास के आवंटन या परिवर्तन के लिए ई-आवास पोर्टल पर आवेदन करने के साथ-साथ सत्यापित हार्ड कॉपी भी जमा करनी होती है। हालांकि, कई मामलों में सत्यापन प्रक्रिया का पालन नहीं होने तथा स्थानांतरण और पदस्थापन संबंधी जानकारी समय पर अपडेट न होने से आवास आवंटन प्रक्रिया प्रभावित होती रही है।

नई ऑनलाइन प्रणाली के तहत विभागाध्यक्ष या नामित नोडल अधिकारी डिजिटल माध्यम से आवेदनों का सत्यापन करेंगे। इसके साथ ही कर्मचारियों के स्थानांतरण और पदस्थापन संबंधी विवरणों का रियल-टाइम अपडेट, वरिष्ठता सूची का स्वत: संशोधन तथा अपात्र कर्मचारियों की पहचान सुनिश्चित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित