चंडीगढ़ , मई 26 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के सेक्टर-20 स्थित एक कारोबारी के घर पर मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने छापेमारी की। यह कार्रवाई रियल एस्टेट कारोबारी प्रवीण काउंसिल उर्फ रॉकी के घर पर की जा रही है। जानकारी के अनुसार ईडी की टीम सुबह करीब सात बजे मौके पर पहुंची और दस्तावेजों की जांच शुरू की।

सूत्रों के मुताबिक मामला न्यू चंडीगढ़ में जमीन से जुड़े कथित धोखाधडी से संबंधित है। प्रवीण जीरकपुर में 'चंडीगढ़ रॉयल सिटी' नामक प्रोजेक्ट से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि जमीन के मालिकाना हक में कथित तौर पर धोखाधड़ी कर करोड़ों रुपये का खेल किया गया।

इस मामले में पंजाब सतर्कता ब्यूरो की ओर से पिछले वर्ष प्रवीण के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। शिकायत उसके पार्टनर प्यारेलाल गर्ग द्वारा दी गई थी। सतर्कता टीम ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 120-बी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जांच में सामने आया था कि प्रवीण ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर न्यू चंडीगढ़ की एक प्राइम प्रॉपर्टी का मालिकाना हक कथित तौर पर फर्जी तरीके से बदलवाया और अपने ही पार्टनर को नुकसान पहुंचाया।

सूत्रों के अनुसार प्रवीण को पंजाब के पूर्व मंत्री सिकंदर सिंह मालुका का करीबी माना जाता है। बताया जा रहा है कि इस मामले में पहली शिकायत वर्ष 2023 में दी गई थी लेकिन उस समय कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई। बाद में वर्ष 2025 में शिकायत को दोबारा खोला गया और जून 2025 में औपचारिक रूप से केस दर्ज किया गया।

फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है और टीम दस्तावेजों एवं वित्तीय रिकॉर्ड की जांच में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित