चंडीगढ़ , मई 08 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय, सेक्टर-30 में विधिक सेवा क्लीनिक की शुरुआत की। इसका उद्घाटन पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के न्यायाधीश एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति हरसिमरन सिंह सेठीने किया।
इस मौके पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरियाणा सिंह ग्रेवाल, सहायक श्रम आयुक्त आकाश मित्तल सहित न्यायिक अधिकारी, पैनल अधिवक्ता और पैरा लीगल वालंटियर मौजूद थे।
क्लीनिक का उद्देश्य श्रमिकों, नियोक्ताओं और अन्य जरूरतमंद लोगों को तुरंत कानूनी सहायता और परामर्श उपलब्ध कराना है। यहां श्रम विवादों से जुड़े मामलों में कानूनी सलाह, अधिकारों की जानकारी और प्रक्रियात्मक सहायता दी जाएगी।
उद्घाटन समारोह के दौरान निर्माण श्रमिकों को श्रमिक कार्ड भी वितरित किये गये, जिससे वे विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ले सकेंगे।
न्यायमूर्ति हरसिमरन सिंह सेठी ने कहा कि राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण पात्र लोगों को मुफ्त और प्रभावी कानूनी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह पहल आमजन और न्याय व्यवस्था के बीच की दूरी कम करने में मदद करेगी।
विधिक सेवा क्लिनिक का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ताओं और पैरा लीगल वालंटियर द्वारा किया जाएगा। यहां एक पैरा लीगल वालंटियर और दो पैनल अधिवक्ताओं की नियुक्ति की गयी है, जो लोगों को विभिन्न कानूनी विषयों और कल्याणकारी योजनाओं संबंधी मार्गदर्शन देंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित