चंडीगढ़ , सितंबर 25 -- चंडीगढ़ में रोटरी क्लब ऑफ मोहाली मिडटाउन की ओर से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला बार एसोसिएशन, केन्द्र शासित चंडीगढ़ के सहयोग से जिला न्यायालय सेक्टर-43 में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।
यह शिविर रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 के 'रक्तदान महाकुंभ' का हिस्सा था। इसके तहत डिस्ट्रिक्ट के 141 रोटरी क्लबों ने एक ही दिन में सर्वाधिक रक्त यूनिट दान कर विश्व रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा।
शिविर का उद्घाटन कार्यवाहक जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, यूटी चंडीगढ़ हरिंदर सिद्धू ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरुण कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीत मोहन शर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं सचिव सुनील कुमार सहित जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारी और रोटरी क्लब के सदस्य मौजूद रहे। तरजिंदर सिंह गिल ने सबसे पहले रक्तदान किया।
हरिंदर सिद्धू ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि रक्त की एक यूनिट से तीन लोगों की जान बचाने में मदद मिल सकती है। उन्होंने स्वस्थ लोगों से स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की। अरुण कुमार अग्रवाल ने कहा कि रक्तदान सामाजिक सेवा के साथ स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। शिविर को अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और वादियों का अच्छा प्रतिसाद मिला। कुल 39 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित