चंडीगढ़ , जून 19 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ प्रशासन ने मानसून और संभावित भारी बारिश को ध्यान में रखते हुए शहर के ड्रेनेज सिस्टम की सफाई का कार्य पूरा कर लिया है। चंडीगढ़ का ड्रेनेज सिस्टम देश के अन्य कई शहरों की तुलना में काफी बेहतर माना जाता है। यही कारण है कि भारी बारिश के बावजूद शहर की अधिकांश सड़कों पर लंबे समय तक जलभराव की स्थिति देखने को नहीं मिलती।
प्रशासन द्वारा समय-समय पर ड्रेनेज सिस्टम की सफाई और रखरखाव का कार्य कराया जाता है, जिससे बारिश के दौरान पानी की निकासी सुचारू रूप से होती रहे।
चंडीगढ़ के नये मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि वर्ष 2025 में पंजाब के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण आयी आपदा को देखते हुए अधिकारियों को पहले ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिये गये थे।
उन्होंने बताया कि ड्रेनेज सिस्टम की सफाई और उसकी निगरानी पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि आगामी मानसून के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित