चंडीगढ़ , अप्रैल 13 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में विदेश मंत्रालय से जुड़े अधिकारियों को एक संदिग्धई-मेल मिला है, जिसमें पासपोर्ट कार्यालयों और डाकघरों को बम से उड़ाने की धमकी दी गयी है।
ई-मेल में दावा किया गया है कि डाकघरों और पासपोर्ट कार्यालयों में सायनाइड से भरे कुल 14 आधुनिक विस्फोटक लगाये गये हैं।
ई-मेल में मैथ्यू वैनडाइक और जाफर सादिक को रिहा करने की मांग भी की गयी है। ई-मेल भेजने वाले ने खुद को 'आजाद द्रविड़ नाडु' से जुड़ा बताया है। उसने धमकी के पीछे तमिलनाडु में राजनीतिक और पुलिस मामलों के साथ-साथ बंगलादेश से जुड़ी घटनाओं को कारण बताया है। ई-मेल में कुछ मामलों में कथित अवैध पुलिस कार्रवाई और अधिकारियों पर अन्यायपूर्ण व्यवहार के आरोप भी लगाये गये हैं।
ई-मेल मिलने के बाद चंडीगढ़ पुलिस तुरंत सक्रिय हो गयी। सुरक्षा के मद्देनजर पासपोर्ट कार्यालय को खाली करवाकर उसकी गहन तलाशी ली गयी, हालांकि वहां कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। इसके बाद डाकघरों में तलाशी नहीं ली गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित