चंडीगढ़ , मई 05 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में लंबे समय से लंबित मॉडर्न स्लॉटर हाउस प्रोजेक्ट को नगर निगम ने आखिरकार मंजूरी दे दी है। जनरल हाउस मीटिंग में इस मल्टी-स्पीशीज स्लॉटर हाउस को हरी झंडी मिली, जिस पर करीब नौ करोड़ रुपये खर्च किये जाएंगे। इस आधुनिक सुविधा में रोजाना करीब 60 हजार मुर्गों की प्रोसेसिंग की क्षमता होगी।
फिलहाल इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में संचालित स्लॉटर हाउस लगभग 24 साल पुराना हो चुका है और वर्तमान पर्यावरण मानकों पर खरा नहीं उतर रहा। निगम के अनुसार, नये स्लॉटर हाउस में अत्याधुनिक मशीनों का उपयोग किया जाएगा। जानवरों को बेहोश करने (स्टनिंग) से लेकर सफाई और प्रोसेसिंग तक की पूरी प्रक्रिया मशीनों के जरिए होगी।
प्रोजेक्ट की खासियत यह होगी कि इसमें सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम लगाया जाएगा। कचरे से खाद तैयार की जाएगी और अन्य बाय-प्रोडक्ट्स को प्रोसेस कर उपयोगी बनाया जाएगा। इसके अलावा गंदे पानी के उपचार के लिए एक अत्याधुनिक ईटीपी भी स्थापित किया जाएगा, जिससे प्रदूषित पानी सीवरेज में जाने से रोका जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित