चंडीगढ़ , मई 18 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ प्रशासन ने कहा है कि शहर के पेट्रोल पंपों पर अस्थायी रूप से ईंधन राशनिंग लागू किये जाने संबंधी भ्रामक एवं फर्जी समाचार प्रसारित किये जा रहे हैं। इन खबरों में स्थानीय आपूर्ति संबंधी बाधाओं का हवाला देते हुए दोपहिया वाहनों के लिए 500 रुपये तथा चारपहिया वाहनों के लिए 1500 रुपये तक ईंधन सीमा निर्धारित किए जाने का दावा किया जा रहा है।
चंडीगढ़ के उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने स्पष्ट किया है कि चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा पेट्रोल अथवा डीजल की बिक्री पर किसी प्रकार की कोई सीमा या प्रतिबंध लगाने संबंधी कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ में पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने भी पुष्टि की है कि ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आपूर्ति संचालन बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से जारी है।
नागरिकों से अपील की गयी है कि वे किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण या अत्यधिक खरीदारी न करें। शहर के सभी रिटेल फ्यूल आउटलेट पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है तथा द्वारा नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
चंडीगढ़ प्रशासन संबंधित ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए है, ताकि शहर में पेट्रोलियम उत्पादों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
सामान्य स्थिति बनाये रखने एवं किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित