चंडीगढ़ , जुलाई 11 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ शहर के दो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी-22 और सीएचसी-45) में जल्द ही पायलट प्रोजेक्ट के तहत इवनिंग ओपीडी शुरू की जाएगी। इस सुविधा के लिए प्रशासन विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती कर रहा है। शाम की ओपीडी में मरीजों को सामान्य ओपीडी की तरह परामर्श और उपचार की सुविधा मिलेगी। मरीजों को पर्ची बनवानी होगी, जिसके लिए शुल्क लिया जाएगा। शुल्क की राशि हालांकि अभी तय नहीं की गयी है।
यह सुविधा सप्ताह के सातों दिन शाम पांच बजे से सात बजे तक संचालित करने की योजना है। इससे करीब 25 हजार से अधिक लोगों, विशेषकर नौकरीपेशा मरीजों को लाभ मिलने की उम्मीद है, जिन्हें सुबह की लंबी कतारों और कार्यालय से छुट्टी लेने की समस्या का सामना करना पड़ता है।
प्रशासन इससे पहले जीएमएसएच-16 और मनीमाजरा में इवनिंग ओपीडी का सफल संचालन कर चुका है। बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए अब इस व्यवस्था का विस्तार सीएचसी-22 और सीएचसी-45 तक किया जा रहा है।
पहले चरण में करीब 15 विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती होगी। इनमें बाल रोग, जनरल सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, मेडिसिन, ईएनटी, त्वचा रोग और मनोचिकित्सा विशेषज्ञ शामिल होंगे। आवश्यकता पड़ने पर डॉक्टरों की संख्या बढ़ायी जा सकती है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इवनिंग ओपीडी में विशेषज्ञ परामर्श, आवश्यक जांच की सलाह और आगे के उपचार की सुविधा सामान्य ओपीडी की तरह उपलब्ध होगी। निजी विशेषज्ञ डॉक्टर दो घंटे की सेवाओं के लिए प्रतिदिन 2,000 रुपये मानदेय पर नियुक्त किये जाएंगे, जबकि अस्पताल की नियमित और आपातकालीन सेवाएं पूर्ववत जारी रहेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित