चंडीगढ़ , जुलाई 20 -- चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में सोमवार सुबह तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार की टक्कर से बुलेट मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान रामदरबार निवासी प्रथम के रूप में हुई है। यह हादसा आज सुबह करीब 6:40 बजे कालीबाड़ी मंदिर के पास हुआ, जब प्रथम व्यायाम कर अपने घर लौट रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामने से आ रही बीएमडब्ल्यू कार ने उसकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रथम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद कार चालक मौके से नहीं भागा। उसने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही थाना-31 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बीएमडब्ल्यू चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना में मौत का मामला दर्ज किया है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित