चंडीगढ़ , जून 13 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित एक क्लब में ड्यूटी के दौरान एक सिक्योरिटी गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी।

मृतक की पहचान 55 वर्षीय राधेश्याम के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश का निवासी था और वर्तमान में चंडीगढ़ के दड़वा गांव में किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में उसकी हृदयाघात से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार राधेश्याम इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित प्लेबॉय क्लब में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत था। शुक्रवार रात वह अपनी नियमित ड्यूटी पर पहुंचा था। उसकी ड्यूटी रात आठ बजे से शनिवार सुबह आठ बजे तक थी और रात के दौरान वह क्लब परिसर में अकेला मौजूद था।

शनिवार सुबह दूसरी शिफ्ट का सिक्योरिटी गार्ड ड्यूटी संभालने के लिए क्लब पहुंचा। उसने मुख्य दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने दूसरी चाबी की मदद से क्लब के अंदर प्रवेश किया। अंदर जाकर उसने राधेश्याम को जमीन पर पड़ा देखा। उसे उठाने की कोशिश की गयी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद क्लब प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी गयी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राधेश्याम को सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित