चंडीगढ़ , जून 16 -- चंडीगढ़ ट्राइसिटी में टैक्सी चालकों की हड़ताल और प्रदर्शन के बीच सोमवार को पुलिस ने टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष विक्रम पंढेर समेत कई चालकों को हिरासत में लिया है। यूनियन की ओर से सेक्टर-18 में धरना-प्रदर्शन की तैयारी की जा रही थी, लेकिन पुलिस ने अनुमति न होने का हवाला देते हुए कार्रवाई की।
पुलिस उपाधीक्षक पी. अभिनंदन ने बताया कि सेक्टर-18 में किसी भी प्रकार के प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद चालक वहां एकत्र होने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों को मांग पत्र देने के लिए संबंधित कार्यालय ले जाया गया है। यदि कोई बिना अनुमति प्रदर्शन करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को सेक्टर-25 रैली ग्राउंड में धरना देने की सलाह दी है।
टैक्सी और ऐप-आधारित कैब चालकों की यूनियनों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल का आह्वान किया है। इसके कारण चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में ओला, उबर और अन्य कैब सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
टैक्सी चालकों का कहना है कि उनकी मांगों पर लंबे समय से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द मांगें पूरी करने की मांग की है। यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन आगे भी जारी रह सकता है।
प्रशासन और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच हालांकि बातचीत की संभावना बनी हुई है। अब यह देखना होगा कि मांग पत्र सौंपने और संभावित वार्ता के बाद चालक अपनी हड़ताल समाप्त करते हैं या आंदोलन को आगे बढ़ाते हैं।
इस बीच, ट्राइसिटी ऑटो यूनियन हड़ताल में शामिल नहीं है। ऐसे में लोग ऑटो रिक्शा और सीटीयू बस सेवाओं का उपयोग कर सकते हैं। हड़ताल के कारण शहर में यातायात और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर भी असर पड़ने की आशंका बनी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित