चंडीगढ़ , जून 21 -- चंडीगढ़ और ट्राईसिटी में अपनी मांगों को लेकर पिछले 15 दिनों से आंदोलन कर रहे कैब चालकों को अब पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग का समर्थन मिल गया है। वडिंग ने धरना स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारी चालकों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।

कैब चालकों का आरोप है कि एग्रीगेटर कंपनियां किराए का 30 से 40 प्रतिशत तक हिस्सा कमीशन के रूप में ले रही हैं, जिससे उनकी आय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उनका कहना है कि ईंधन, वाहन की ईएमआई, बीमा और रखरखाव का खर्च लगातार बढ़ रहा है, जबकि आमदनी अपेक्षाकृत कम है। कई चालकों ने दावा किया कि रोजाना 14 से 16 घंटे काम करने के बावजूद परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है।

धरना स्थल पर वडिंग ने कहा कि हजारों चालक कंपनियों की नीतियों के कारण आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और गुलाब चंद कटारिया से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसी नीतियां बनानी चाहिए, जिनसे चालकों का शोषण न हो और कंपनियों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।

प्रदर्शनकारी चालकों की प्रमुख मांगों में कमीशन दरों में कमी, उचित किराया नीति लागू करना तथा एग्रीगेटर कंपनियों के लिए स्पष्ट सरकारी नियम तय करना शामिल है। चालकों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित